बरेली। राशन कार्डों में दर्ज प्रत्येक सदस्य यानी यूनिटों के सत्यापन में सर्वर अड़चन बन रहा है। बगैर सत्यापन राशन वितरण कार्य प्रभावित हो रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों पर अब जिला पूर्ति अधिकारी ने कोटेदारों को राशन वितरण को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए हैं।
शासन की ओर से बीते दिनों राशन कार्डों में दर्ज प्रत्येक सदस्य यानी यूनिटों के सत्यापन के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत कार्ड धारक को सभी सदस्यों के साथ कोटेदार की दुकान पर पहुंचकर आधार कार्ड और वैध मोबाइल नंबर दर्ज कराकर ई-पॉस मशीन पर अंगूठे का निशान लगाना है। दिशानिर्देश जारी होने के बाद प्रक्रिया शुरू हुई तो सर्वर हैंग होने से सत्यापन कार्य प्रभावित रहा। इधर, आचार संहिता खत्म होने के बाद राशन वितरण शुरू हुआ।
सत्यापन और राशन वितरण दोनों कार्य एक साथ करने में कोटेदार भी परेशान हुए। लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने प्राथमिकता के आधार पर राशन वितरण के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो