बरेली। भूमाफिया ने नौकरों के नाम पर एक साल में कई करोड़ की रजिस्ट्री कराकर बेनामी संपत्ति अर्जित कर ली। मुरादाबाद के शराब कारोबारी ने भी बरेली में इसी तर्ज पर निवेश किया। आईजी से शिकायत के बाद एसपी देहात को जांच सौंपी गई है।
इज्जतनगर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि मुरादाबाद के शराब कारोबारी और भूमाफिया, उसका बेटा और मैनेजर ने अपने काले धन को सफेद करने के लिए बरेली में अपने तीन कर्मचारियों के जरिये करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति खरीदी है। कर्मचारी पिता-पुत्रों के खाते में करोड़ों रुपये के कालेधन का लेनदेन किया गया। आरोप है कि उन्होंने सरकारी सीलिंग की जमीन, तालाब और नजूल की जमीन आदि पर कब्जा किया है। भूमाफिया पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
मुकदमे और संपत्ति की जांच पर इन्होंने अपने संजयनगर व किला निवासी नौकरों के नाम करोड़ों की जमीन के बैनामे करा दिए हैं। इन नौकरों को 10 से 15 हजार रुपये महीने की नौकरी पर रखा गया है। एक नौकर के नाम पांच करोड़ की संपत्ति कर दी है। सुरेश ने आईजी से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। बताया जा रहा है कि नौकरों के खातों की जांच से कई भूमाफिया पर शिकंजा कस सकता है। रजिस्ट्री दफ्तर से भी संपत्ति का ब्योरा निकलवाया जा सकता है।
-
भूमाफिया एलायंस बिल्डर से जुड़े हैं तार
भूमाफिया एलायंस बिल्डर के लोगों ने मुरादाबाद के शराब कारोबारी से सिंडिकेट बनाकर गाजियाबाद में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है। हापुड़ निवासी कालू ने मुरादाबाद के शराब कारोबारी युवराज और एलायंस बिल्डर्स के अमनदीप आदि के खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अब शराब कारोबारी और बरेली के भूमाफिया के कारनामे सामने आ रहे हैं।