बरेली। एंटी करप्शन टीम ने नलकूप खंड द्वितीय के वरिष्ठ सहायक निर्भय हिंद आजाद को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसने पेंशन और ग्रेच्युटी का भुगतान दिलाने के नाम पर दस हजार रुपये मांगे थे। सोमवार दोपहर बाबू को उसके दफ्तर से ही रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कोतवाली में दाखिल कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
फरीदपुर की टीचर कॉलोनी निवासी राकेश कुमार सिंह नलकूप चालक थे। वह जून में सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने एंटी करप्शन के सीओ यशपाल सिंह से शिकायत की थी कि उनकी पेंशन और ग्रेच्युटी अभी तक नहीं दी गई है। इसके नाम पर वरिष्ठ सहायक निर्भय हिंद आजाद दस हजार रुपये मांग रहा है। प्राथमिक जांच में आरोप सही निकले। इस पर ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने सोमवार दोपहर आरोपी को उसके दफ्तर से दस हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसे कोतवाली लाया गया। इससे पहले बारादरी थाना क्षेत्र की महेंद्र नगर कॉलोनी निवासी उसके घर जाकर भी टीम ने पड़ताल की। सीओ ने बताया कि मंगलवार को आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
अफसरों के नाम पर वसूल रहा था रकम
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्ति से पहले ही उन्होंने अपनी पत्रावली तैयार करा ली थी। इसके बाद भी निर्भय हिंद आजाद उसे रोके हुए था। उसने दस हजार रुपये लेने के बदले विभाग स्तरीय काम कराने की जिम्मेदारी ली थी। इससे राकेश काफी आहत हुए। इसके बाद उन्होंने बाबू को सबक सिखाने की ठान ली। ब्यूरो
रिश्वत मांगने पर तत्काल करें शिकायत
सरकारी कामकाज के लिए किसी को घूस न दें। कोई लोकसेवक घूस मांगता है तो पीड़ित व्यक्ति पुलिस लाइन के गेट पर स्थित भ्रष्टाचार निवारण संगठन के कार्यालय में शिकायत कर सकता है। सीओ के मोबाइल नंबर 9454405475 व प्रभारी निरीक्षक बरेली इकाई के मोबाइल नंबर 9454401653 पर भी शिकायत की जा सकती है। - यशपाल सिंह, सीओ एंटी करप्शन