बरेली। अयोध्या में मंगलवार को श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान से पहले आरपीएफ और जीआरपी को अलर्ट जारी हुआ है। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की 24 घंटे निगरानी के साथ अब रेलवे ट्रैक की निगरानी भी शुरू कर दी गई है। 16 जनवरी से ही जंक्शन समेत बरेली सिटी, इज्जतनगर, भोगीपुरा स्टेशनों पर ट्रेनों में लगातार चेकिंग की जा रही है। रविवार को जंक्शन आरपीएफ इंस्पेक्टर मनोज सिंह, जीआरपी इंस्पेक्टर अजीत प्रताप सिंह, सिटी जीआरपी इंस्पेक्टर संजय कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेश मीणा ने रेल पटरियों पर गश्त की। आरपीएफ ने रेल पटरियों के आसपास बस्तियों और वहां के वाशिंदों के संबंध में ब्योरा भी जुटाया। आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट ऋषि पांडेय ने बताया कि एहतियात के तौर पर रेल ट्रैक के आस-पास बस्तियों और वहां के लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरपीएफ अलर्ट पर है। संवाद