बरेली। पीडब्ल्यूडी ने बुधवार को मुख्यमंत्री के हाथों नवाबगंज-बीजामऊ मार्ग के नवीनीकरण का लोकार्पण तो करा दिया, पर इसके कई हिस्सों पर अब भी गड्ढे हैं। मामला सुर्खियों में आया तो शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता अभिनेष कुमार ने इसका निरीक्षण किया। लौटकर मुख्य अभियंता को रिपोर्ट सौंपी। इसमें उनका दावा है कि जिस हिस्से का नवीनीकरण कराया गया है, वह ठीक है। मार्ग के जिस हिस्से में गड्ढे हैं, वह हिस्सा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के खंड में आता है।
नवाबगंज-बीजामऊ मार्ग 28 किलोमीटर लंबा है। इसके पहले से 16वें किलोमीटर तक का हिस्सा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के खंड में है। शेष 12 किलोमीटर पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के अधीन है। गड्ढों की वजह से नवाबगंज, बिथरी, बीजामऊ, नवदिया, रसूला, अमसाह नरहरपुर, गौरीखेड़ा, सुंदरी समेत 30 गांवों के डेढ़ लाख लोग आवागमन में तकलीफ झेल रहे हैं। पूरी सड़क ठीक कराए बिना ही लोकार्पण कराया गया। इस पर मुख्य अभियंता संजय कुमार तिवारी ने सफाई दी। कहा कि जिस हिस्से का नवीनीकरण कराया गया है, उसी हिस्से का लोकार्पण कराया गया। जिस हिस्से में गड्डे हैं वह पीएमजीएसवाई खंड के अधीन है। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि सड़क गारंटी के पांचवें वर्ष में है। मौसम ठीक होने पर गड्ढामुक्त कराई जाएगी।