संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। लोकसभा चुनाव के दौरान एक राजनैतिक पार्टी के नेताओं ने क्षेत्र की आंगनबाड़ी और आशा वर्करों के साथ बैठक के लिए उन्हें दावत में बुलाया। इसकी शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम ने आयोजन को रुकवा दिया। इसके बाद सभी वर्करों को लौटा दिया गया। उक्त नेताओं को दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
शुक्रवार को एक राजनैतिक दल के नेताओं ने क्षेत्र की आंगनबाड़ी और आशा वर्करों के साथ बैठक करने को विजौरिया रेलवे स्टेशन रोड के पास एक बरात घर में बुलाया था। बैठक के बाद दावत का भी इंतजाम किया गया था। महिलाओं ने बरात घर में पहुंचना शुरू भी कर दिया। इसी बीच दूसरी पार्टी के एक नेता ने मामले की शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार से कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही डीएम ने नवाबगंज एसडीएम गाेविंद मौर्य को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को बरात घर से वापस लौटाते हुए आयोजन को तत्काल बंद करा दिया। कार्यक्रम के निरस्त होने की जानकारी मिलते महिलाओं में खासा रोष दिखाई दिया।
वर्जन
डीएम के आदेश पर मौके पर जांच के लिए पहुंचे। बरात घर में महिलाओं के साथ बैठक की तैयारी चल रही थी। अनुमति नहीं लेने के कारण कार्यक्रम को रद कर दिया गया। साथ ही हिदायत दी गई कि दोबारा शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
-गोविंद मौर्य, एसडीएम, नवाबगंज