बरेली। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात वैज्ञानिक सहायक विपिन कर्णपाल को बीस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। नए अस्पताल की एनओसी जारी करने के बदले ये रकम मांगी गई थी। एंटी करप्शन टीम आरोपी को इज्जतनगर थाने ले गई। वहां उस पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसकी विवेचना एंटी करप्शन थाने में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
किला थाना क्षेत्र के हुसैनबाग निवासी शाहिद हुसैन ने एंटी करप्शन के सीओ यशपाल सिंह को बताया था कि वह रामपुर रोड पर इंडियन हॉस्पिटल नाम से अस्पताल खोल रहे हैं। उन्हें इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की जरूरत थी। वह दफ्तर गए और वहां आवेदन कर दिया। दफ्तर के वैज्ञानिक सहायक विपिन कर्णपाल ने उनसे एनओसी के बदले बीस हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। उन्होंने इतनी रकम देने में मजबूरी जताई, पर विपिन कुछ सुनने को तैयार नहीं थे।
शाहिद की शिकायत पर सीओ ने डीएम से मिलकर दो स्वतंत्र गवाह लिए। इंस्पेक्टर काशीनाथ उपाध्याय की अगुवाई में ट्रैप टीम ने सोमवार दोपहर क्षेत्रीय कार्यालय में दबिश दी। टीम ने रिश्वत लेते समय विपिन कर्णपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जेब से दस हजार, कमरे से मिले 65 हजार रुपये
विपिन कर्णपाल के बारे में जानकारी की गई तो पता लगा कि वह मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के थाना अराधार के गांव हवलबाग का निवासी है। यहां वह काफी समय से प्रेमनगर थाना क्षेत्र के एकतानगर में परिवार के साथ किराये पर रहता है। विपिन की जेब की तलाशी लेने पर दस हजार रुपये मिले। वहीं, एकतानगर में कमरे की तलाशी ली तो वहां से 65 हजार रुपये बरामद किए गए। माना जा रहा है कि यह रुपये भी काली कमाई से जुड़े हैं।
अफसरों की भूमिका की होगी जांच
विपिन कर्णपाल जिस एनओसी के लिए रुपये लेते पकड़ा गया, वह बिना सक्षम अधिकारी के जारी नहीं की जा सकती। ऐसे में एंटी करप्शन टीम आरोपी से इज्जतनगर थाने में पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि आखिर कौन से अफसर से आरोपी की सांठगांठ थी? सीओ यशपाल सिंह ने बताया कि यह विभागीय मिलीभगत का मामला हो सकता है। आरोपी के बयान और जांच के आधार पर आरोपियों के नाम बढ़ाए जा सकते हैं।
बोर्ड से होगा निलंबन
बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी रोहित कुमार के मुताबिक एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट उन्होंने बोर्ड के मुख्यालय को भेज दी है। विपिन कर्णपाल का निलंबन या कोई अन्य कार्रवाई वहीं से की जाएगी।