बरेली। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों का डीबीटी के लिए पोर्टल पर डेटा फीड नहीं होने पर शिक्षकों के रुके वेतन का आहरण कर दिया गया है। इस संबंध में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पत्र जारी किया।
बीएसए संजय सिंह के अनुसार विद्यालय प्रेरणा पोर्टल पर पंजीकृत विद्यार्थियों का आधार वेरिफिकेशन डीबीटी एप के माध्यम से करने व तीन दिवस के अंदर साक्ष्यों के साथ उन्हें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापक का वेतन इस शर्त के साथ आहरित किया जा रहा है कि वे डीबीटी का कार्य 15 दिवस में पूरा करेंगे। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। दरअसल पिछले दिनों वेतन रुकने पर विभिन्न शैक्षिक संगठनों ने बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए वेतन नहीं रोकने की मांग की थी। इस निर्णय का शिक्षकों ने स्वागत किया है। संवाद