फर्जी पैरामेडिकल संस्थान चलाने वाले अब सेंटिंग करने में जुटे
- फोटो : Running a fake paramedical institute is now involved
मुंशीनगर में फर्जी तरीके से चल रहा राइट्स इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल आईटी एवं मैनेजमेंट का फर्जी संस्थान संचालक अब सेंटिंग करने में जुटे हैं। शनिवार को एक छात्रनेता को लेकर वह अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के पास पहुंचे और अपने को सही साबित करने की कोशिश की पर डीएमओ ने जब शपथपत्र तलब किया तो उनको उल्टे पैर लौटना पड़ा। संस्था संचालक सादे कागज पर अपना शपथपत्र लिखकर ले गए थे। दस्तावेज दिए तो डीएमओ ने शपथ पत्र सौ रुपये के स्टांप पर मांगा। डीएमओ ने स्पष्ट कह दिया कि अगर सोमवार तक संस्था संचालक स्टांप पर शपथपत्र नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। राइट्स इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल आईटी एवं मैनेजमेंट का फर्जी यूनिवर्सिटी विश्वकर्मा से संबद्धता की पोल खुलने के बाद डीएमओ ने बंदन बैंक में खुले सारे खाते शुक्रवार को फ्रीज कर दिए थे और संस्था संचालकों से सौ रुपये के स्टांप पर शपथपत्र और मान्यता से जुड़े सारे दस्तावेज तलब किए थे। ताकि सारे दस्तावेजों को जांच के लिए यूजीसी को भेजा जा सके। अब संस्था संचालक जगह-जगह सेंटिंग करने में जुटे हैं। शनिवार को एक छात्रनेता को लेकर डीएमओ ऑफिस पहुंचे। पर शपथपत्र नहीं दिया। डीएमओ ने कहा कि मान्यता से जुड़े सारे दस्तावेज शपथपत्र के साथ ही लेंगे। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। सोमवार तक का उनको वक्त दिया गया है। वहीं जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएमओ जगमोहन सिंह ने बताया कि संस्था संचालक आए थे पर शपथ पत्र नहीं दिया। वह सादे कागज पर अपनी बात लिखकर लाए। सोमवार तक का वक्त दिया है। सौ रुपये के स्टांप पर अगर शपथपत्र और दस्तावेज नहीं देते हैं तो एफआईआर कराई जाएगी। फर्जीवाड़ा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।