बरेली। मुरादाबाद-गाजियाबाद रेलखंड में मरम्मत कार्य के चलते सोमवार को राजधानी एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा। महेसरा-काफुरपुर स्टेशनों के मध्य रेल ब्रिज नंबर 43-ए पर मरम्मत कार्यों के चलते रेलवे सोमवार को सुबह 10 से शाम 4:45 बजे तक डाउन लाइन पर ब्लाॅक रहेगा।
करीब 6:45 घंटे के ब्लॉक के दौरान 20504 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, 12392 नई दिल्ली-राजगीर एक्सप्रेस और 13258 आनंद विहार टर्मिनल-दानापुर एक्सप्रेस को गाजियाबाद-टपरी-मुरादाबाद होते हुए चलाया जाएगा। ब्लॉक के दौरान 15128 दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस और 04394 गजरौला-अलीगढ़ स्पेशल ट्रेन को तीन घंटे तक देरी से चलाया जाएगा। ब्लॉक के दौरान प्रभावित होने वाली सभी ट्रेन डाउन लाइन की हैं। अप लाइन की ट्रेनों के संचालन पर इस दौरान कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।