बरेली। शहर में बाइक पर घूमकर पर्स और मोबाइल फोन उड़ाने वाले गिरोह के एक बदमाश को कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक उसके दो साथी फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी राहुल भाटी के मुताबिक मंगलवार तड़के कोतवाली पुलिस को चौपुला पुल के नीचे बाइक सवार तीन संदिग्ध लोग दिखे। टोकने पर उन्होंने पुलिस पर फायर किया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लग गई। पता लगा कि वह सोनू उर्फ डिल्ली है जो संजयनगर का निवासी है। संजयनगर निवासी अनिल गुर्जर व कालीबाड़ी निवासी अमर सिंह यादव भी उसके साथ थे, पर वे फरार हो गए। डिल्ली के पास से पुलिस ने एक तमंचा, एक खोखा और 1350 रुपये बरामद किए।
उसने स्वीकार किया कि 28 जून की रात एसबीआई की चीफ मैनेजर नूपुर का पर्स उसने ही लूटा था। साथ ही इन तीनों ने बारादरी थाना क्षेत्र में भी इसी तरह लूट की वारदात करना कबूल किया। वर्ष 2021 में भी इन्होंने बारादरी क्षेत्र में लूट की थी। डिल्ली ने बताया कि बैंक मैनेजर के पर्स में अंगूठी आदि सामान था, जिसे उसने चार हजार रुपये में बेच दिया था।
शहर में बाइक पर घूमकर लूट करने वाले एक लुटेरे को जेल भेजा गया है। उसके दो साथियों की तलाश की जा रही है। - राहुल भाटी, एसपी सिटी