शीशगढ़। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश से बुधवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। जगह-जगह पानी भरने से आवागमन में परेशानी हुई। वहीं, बिजली आपूर्ति का फ्यूज उड़ने की वजह से भी लोगों को परेशान होना पड़ा।
जाफरपुर बिजलीघर में पानी भरने से यहां से आपूर्ति बंद कर दी। बिजलीघर से पोषित गांवों में लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा। दिनभर बिजली न आने की वजह से इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। शाम के समय मोमबत्ती जलाकर लोगों ने खाना बनाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजलीघर निचले इलाके में बना है। आसपास के नालों की सफाई न होने से यह चोक हो गए हैं।
जरा सी बारिश में पानी बिजलीघर में भर जाता है। नतीजतन लोगों को कटौती का सामना करना पड़ता है। हर साल बारिश के दौरान यह समस्या आती है। इसके बाद भी अब तक जिम्मेदार इसका समाधान नहीं निकाल पाए हैं। अवर अभियंता गिरीश कुमार ने बताया कि पानी भरने से करंट का खतरा रहता है। इस वजह से आपूर्ति बंद करनी पड़ती है।
बारिश की वजह से रिछा बिजलीघर से पोषित रिछा इंडस्ट्रियल एरिया समेत आसपास के गांवों में बिजली गुल रही। रिछा इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली आपूर्ति का मुद्दा मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में भी उठ चुका है। बावजूद अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। वहीं, देवरनियां, मुंडिया जागीर और सेमीखेड़ा के लोगों को भी जलभराव से जूझना पड़ा। कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय, राजकीय पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी पानी भर गया। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के जिम्मेदारों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
-
सिरौली में 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरौली। मंगलवार रात करीब दो बजे 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से क्षेत्र के कई गांवों में बिजली का संकट खड़ा हो गया है। बिजली न आने से आम लोग बेहाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में एक पखवाड़े से बिजली संकट है। करीब 15 दिन पहले आंवला से सिरौली के लिए आने वाली लाइन से अलीगंज कस्बे को जोड़ दिया गया। सिरौली को बरसेर की लाइन से आपूर्ति दी जा रही है। यह लाइन जर्जर होने के साथ ओवरलोड भी है। यहां आए दिन फाॅल्ट होते रहते हैं। इस लाइन से तीन बिजलीघर सिरौली, पुन्नापुर और बरसेर जुड़े हैं। फॉल्ट होने पर इन बिजलीघरों से पोषित 100 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो जाती है।
कस्बे के आलम खान, प्रदीप गुप्ता, आजम खां, राजीव गुप्ता आदि ने बताया बिजली की किल्लत से कस्बे में संचालित लघु उद्योग ठप हैं। हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष आशीष कठेरिया, समाजवादी पार्टी के सोनू रस्तोगी आदि ने कस्बे को फिर से पुरानी लाइन से जोड़ने की मांग की है।