बरेली। विभागों के आपसी तालमेल में कमी का खामियाजा जनता भुगत रही है। छह माह पहले जल निगम में सीवर लाइनों को जोड़ने के लिए चौपुला चौराहे पर सड़कों को खोद दिया था। अब ऊर्जा निगम भूमिगत केबल डालने के लिए दोबारा उसी सड़क को खोद रहा है। पुलिस लाइन से लेकर चौपुला चौराहे के आगे तक दोनों किनारों और चौराहे के बीच में गड्ढा खोदा गया है। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान चौपुला चौराहा जल निगम की खोदाई की वजह से सुर्खियों में रहा था। चेतावनी के बाद जैसे-तैसे चौपुला चौराहे के गड्ढे भरे गए थे। अब छह माह बाद ऊर्जा निगम दोबारा उसी सड़क को खोदवा रहा है। परेशान क्षेत्रवासियों ने बताया कि उन्हें पता हीं नहीं होता कि सड़क कब खोद दी जाएगी और कब बनेगी? पीयूष सिंह ने बताया कि चौपुला चौराहे पर खोदाई कोई विभाग करे, परेशानी जनता को ही भुगतनी होती है। सत्यम ने बताया कि यदि सभी विभागों के कार्य एक साथ हो जाएं तो लोगों को कम परेशानी झेलनी पड़े। स्मृति ने कहा कि गली के बाहर ही मुख्य सड़क पर गड्ढा खोदा गया है। बच्चों के स्कूल जाते और आते समय खतरों का डर रहता है।
पुलिस लाइन से चौपुला तक पहले ही केबल डाला जा चुका है। अब वहां कौन खोदाई कर रहा है और किस योजना से काम हो रहा है, इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। अधीनस्थों से वार्ता करने के बाद ही इस संबंध में ज्यादा जानकारी दे सकूंगा। - महावीर सिंह, अधिशासी अभियंता प्रथम खंड
संवाद