बरेली। लोक निर्माण विभाग अब शहर में अधिकतर सड़कें हॉट मिक्स के बजाए कोल्ड मिक्स तकनीक से बनाएगा। इस तकनीक के प्रयोग से वायु प्रदूषण काफी कम होता है।
अधीक्षण अभियंता देवेश कुमार तिवारी ने बताया कि कोल्ड मिक्स तकनीक में सीमेंट और इमल्शन से सड़क निर्माण किया जाता है। निर्माण के दौरान कार्बन उत्सर्जन न के बराबर होता है। इस तकनीक से सर्दियों में भी सड़क निर्माण आसानी से किया जा सकता है। कोल्ड मिक्स तकनीक के जरिए बीते दिनों बतौर ट्रायल रम्पुरा से अलीगंज होते हुए सिरौली जाने वाले मार्ग पर काम किया गया था। प्रयोग सफल होने के बाद अब इसे और आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई तकनीक में स्टेबलाइज्ड डब्ल्यूएमएम बिछाया जाएगा। इसमें 3.5 फ ीसदी इमल्शन और एक फ ीसदी सीमेंट मिक्स होगा। इसकी मोटाई 7.50 सेमी से आठ सेमी तक होगी। तकनीक से सड़क बनाने के दौरान 60 प्रतिशत तक कम गिट्टी का प्रयोग होगा। इससे प्राकृतिक संसाधनों का दोहन भी कम होगा।