आंवला। मंडी परिसर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे आरएफसी-संवाद
आंवला। क्षेत्रीय खाद्य आयुक्त ने मंगलवार मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी समिति में व्याप्त गंदगी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मौजूद स्टाफ को जमकर फटकार लगाई।
मंगलवार दोपहर 12 बजे मंडी परिसर स्थित धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण करने आरएफसी मणिकनंदन पहुंचे। परिसर के पिछले हिस्से में जमा बरसात के पानी से आ रही दुर्गंध को देख उन्होंने वहां मौजूद मंडी इंस्पेक्टर व अन्य स्टाफ पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। मंडी परिसर में खराब पड़ी लाइट व प्रकाश व्यवस्था को समय रहते ठीक कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडी सचिव भी नदारद थे।
उन्होंने हिदायत दी कि शासन की मंशा व निर्देश के अनुरूप ही किसानों से धान खरीद की जाए। किसानों को क्रय केंद्र पर किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने पाए। इस दौरान क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रोहिताश्व कुमार व सभी नौ धान खरीद केंद्रों के प्रभारी मौजूद रहे। संवाद