मीरगंज। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मानुष पारीक एवं उपजिलाधिकारी देश दीपक सिंह की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस लगाया गया। इसमें कुल 14 शिकायतों में से चार का मौके पर निस्तारण कराया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अपने अधीनस्थों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समय सीमा में ही निस्तारित करें। इस दौरान सीओ मीरगंज दीप शिखा अहिबरन, प्रभारी निरीक्षक मीरगंज कुंवर बहादुर सिंह भी मौजूद रहे। संवाद
शाही में दो शिकायतों का मौके पर कराया हल
थाना शाही में थानाध्यक्ष अमित कुमार बालियान की अध्यक्षता में समाधान दिवस लगा गया, जिसमें आठ शिकायतें पंजीकृत हुईं। दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। शेष शिकायतों को समय से निपटाने के लिए संबंधितों को आदेश दिया गया है। फतेहगंज पश्चिमी में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय की अध्यक्षता में समाधान दिवस लगा। इसमें छह शिकायतें मिलीं, जिनको निपटाने के निर्देश दिए गए।
शीशगढ़ में कोई शिकायतकर्ता नहीं पहुंचा
शीशगढ़ में प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस लगा, लेकिन सुबह 10 बजे से दो बजे तक कोई भी शिकायतकर्ता नहीं आया। उन्होंने बताया कि अभी लोगों को थाना समाधान दिवस की जानकारी नहीं हुई है। इस कारण शिकायतें नही आयीं। संवाद
-
राजस्व विभाग की चार शिकायतें मिलीं
सिरौली। प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में लोगों की शिकायतें सुनी गईं, जिसमें राजस्व विभाग की कुल चार शिकायतें दर्ज की गईं। सभी शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित होने के कारण हल्का लेखपालों को हस्तांतरित कर सभी का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
-
नौ शिकायतों में से किसी का भी निस्तारण नहीं
हाफिजगंज। शनिवार को थाना हाफिजगंज प्रांगण में एसडीएम नवाबगंज मल्लिका नयन के नेतृत्व में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें नौ लोगों ने शिकायतें कीं, लेकिन किसी का निराकरण नहीं कराया जा सका। कस्बा रिठौरा के सचिन रस्तोगी ने दी तहरीर में बताया उसने अपना मकान किराये पर दिया था, जो षड्यंत्र के तहत किराएदार ने बेच दिया। इसके अलावा कस्बा रिठौरा के ही भारत सिंह ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया उसके प्लांट पर दबंग जबरन अवैध कब्जा कर रहे हैं। मोहनपुर के लालाराम ने कहा कि दबंगों ने उसकी जमीन पर जबरन चक मार्ग बना दिया है। फिलहाल, शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह, जोगेंद्र बालियां आदि मौजूद रहे। संवाद
-
समाधान दिवस में पहुंचे एडीजी, शिकायत पत्रों की जानकारी ली
भमोरा। भमोरा थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने की। यहां अचानक पहुंचे एडीजी राकेश सिंह ने आई शिकायतों की जानकारी ली। तहसीलदार ने बताया कुल 9 शिकायत आई थी, जिनमें से 6 राजस्व विभाग से संबंधित थी। तीन पुलिस विभाग से संबंधित थी। इनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया था।