अलीगंज। नलकूप उपभोक्ता उपकेंद्र में मारपीट और उसके ऊपर रिवाल्वर तानने की शिकायत पर पुलिस ने बिजली निगम के एसडीओ संजीव प्रभाकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में मालूम हुआ कि बिजली उपकेंद्र अलीगंज में जो कैमरे लगे थे, वो बंद पाये गए जबकि एसडीओ का दावा था कि जो भी घटना हुई है। वो सारी सीसी कैमरे में कैद है। थाना क्षेत्र के गांव धनेती खरगपुर निवासी तोताराम वर्मा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि शनिवार की दोपहर वह कंट्रोम रूम पहुंचे तो पीछे से एसडीओ भी आ गए और भड़क कर यहां आने का कारण पूछा। इसके जवाब में पीड़ित ने बिल भरने की बात कही। इस पर एसडीओ उपभोक्ता को थप्पड़ मारते एक कमरे में ले गए। कमरा बंद कर उपभोक्ता का सिर दीवार से दे मारा। साथ ही उपभोक्ता के ऊपर रिवाल्वर तानकर जान से मारने की धमकी भी दी। गिड़गिड़ाने के बाद उपभोक्ता को कमरे से बाहर निकालते हुए धक्का दिया, जिससे वह सीढि़यों से गिरकर घायल हो गए। संवाद