शाही। जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश करने वाली महिला के पति के खिलाफ दूसरे ही दिन लेखपाल की ओर से तालाब पर कब्जा करके निर्माण करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है। हल्का लेखपाल प्रेमपाल राजपूत के द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में पुलिस से कहा गया है कि गांव बगरऊ निवासी राजेंद्र पुत्र अंगनलाल अभिलेखों में दर्ज तालाब की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके मकान निर्माण करवा रहे हैं। कई बार समझाने व चेतावनी देने के बावजूद भी कोई असर नहीं पड़ रहा है। अतिक्रमण करने वाले राजेंद्र के खिलाफ तहसीलदार न्यायालय, मीरगंज में भी मुकदमा विचाराधीन है। इसके बावजूद कब्जा करके निर्माण कराया जा रहा है।
इस मामले में एक दिन पहले शनिवार की सुबह राजेंद्र की पत्नी तारा ने मकान निर्माण में लगातार रुकावट डालते रहने से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। शनिवार को राजेंद्र की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया था कि गांव के कुछ लोग झूठी शिकायतें करके मकान का निर्माण नहीं होने दे रहे हैं, जबकि उसका इस जगह पर 60 वर्ष से कब्जा है और पट्टा के कागजात भी मौजूद हैं। संवाद