बरेली। मोहनपुर गांव के प्रधान जाकिर को रंगदारी मांगने के मामले में जेल भेजा गया है। अब डाक से मिले पत्र को आधार बनाकर जाकिर के भाइयों पर रंगदारी की रिपोर्ट कराई गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला सुनियोजित तरीके से बनाया तो नहीं गया है।
चौधरी मोहल्ला निवासी अंकिश त्रिपाठी ने नकटिया में आरटीओ दफ्तर के बगल में जमीन खरीदी थी। अंकिश के मुताबिक वह जमीन पर निर्माण करा रहे थे, तभी जाकिर प्रधान अपने 40, 50 साथियों को लेकर पहुंचा और रंगदारी मांगते हुए धमकी देने लगा। प्लॉट पर चौकीदारी करने वाली महिलाओं से अभद्रता की। अंकिश ने जाकिर के खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अंकिश ने अधिकारियों को बताया कि जाकिर के जेल जाने के बाद उनके घर डाक से एक पत्र आया। इसमें जाकिर के भाई बताए जा रहे वाजिद, आसिफ और शाकिर रंगदारी मांग रहे हैं। अंकिश का परिवार खत्म करने की धमकी दी गई है। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कैंट थाने में एक और मामला दर्ज किया है। पत्र पर किसकी लिखावट है, इसका मिलान कराया जाएगा। इसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।