पीलीभीत। दावत-ए-इस्लामी संगठन को लेकर विरोध और फिर दरगाह में आने पर पाबंदी की एलान करने वाले शहर काजी मौलाना जरताब रजा को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मौलाना के भाई की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला भूरे खां निवासी मुजीव रजा खां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा कि उनके बड़े भाई मौलाना जरताब रजा शहर काजी हैं। बड़े भाई को आए दिन सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिल रहीं हैं। परिवार के लिए भी खतरा बना हुआ है। हाल ही में अकलीम खां ने सोशल मीडिया पर धमकी दी। पता चला कि अकलीम खां जहानाबाद का निवासी हैैै।
राशिद रजा मरकजी नाम के शख्स ने अपने चैनल प्रोडक्शन पर वीडियो अपलोड की। इसमें अभद्रता भरी बातें हैं। मुजाहिद मलिक ने भी जान से मारने की धमकी दी है। सीओ सुनील दत्त ने बताया कि तीनों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है।