माधोटांडा मार्ग पर जमुनिया गांव के निकट डाली गई मिट्टी से होकर गुजरते राहगीर। संवाद
पीलीभीत। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग की मरम्मत के दावों के बीच 15 दिन बीतने के बाद भी यातायात पूरी तरह सुचारु नहीं हो सका है। लोक निर्माण विभाग की ओर से दो स्थानों पर मिट्टी डलवाकर यातायात शुरू करवाया गया है, एक स्थान पर अभी काम शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में लोग मुश्किल भरा सफर तय करने के लिए मजबूर हैं।
पूर्व में आई बाढ़ के बाद पानी के तेज बहाव से माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग तीन स्थानों पर कट गया था। जिसके बाद मार्ग पर यातायात ठप हो गया। क्षेत्र के लोग पूरनपुर के रास्ते असम हाईवे होकर गुजरने पर मजबूर थे। पानी कम होने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य शुरू कराने का दावा किया गया।
15 दिन बीतने के बाद सोमवार को जमुनिया और खासपुर के निकट कटे मार्ग पर मिट्टी का पटान किया गया। इससे दोनों स्थानों पर कार और बाइक निकलने लगीं, लेकिन दयालपुर के पास कटे मार्ग पर मरम्मत शुरू न होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। राहगीर जमुनिया गांव के अंदर से दयालपुर के रास्ते से होकर गुजरने पर मजबूर दिखे।
ग्रामीणों का कहना है कि अब तक मार्ग पर यातायात नियमित रूप से शुरू नहीं हो सका है। विभाग की ओर से दो स्थानों पर मिट्टी डलवाई गई, वहां भी बेतरतीब तरीके से मिट्टी डलवाने से राहगीरों को बाइक निकालने में परेशानी हो रही है। वहीं, दयालपुर के पास मार्ग कटा है। अभी कार्य शुरू भी नहीं हो सका है।
अवर अभियंता एसपी गौतम ने बताया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है। जिन जगहों पर काम शेष है उसे भी जल्द पूरा करा दिया जाएगा।
माधोटांडा मार्ग पर जमुनिया गांव के निकट डाली गई मिट्टी से होकर गुजरते राहगीर। संवाद