भोजीपुरा संरक्षित पशु के अवशेष की जांच करते पुलिस कर्मी
भोजीपुरा। गांव भीकमपुर के जंगल में गन्ने के खेत में संरक्षित पशु के अवशेष मिले हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खेत में कुछ लोगों कौए मंडराते देखे तो वहां जाकर देखा। वहां संरक्षित पशु के अवशेष बिखरे पड़े थे। सूचना पर गोरक्षा दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा नीरज मलिक को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्सा अधिकारी भोजीपुरा डाॅ. राजीव कुमार सिंह को बुलाया। उन्होंने अवशेषों की जांच की और उन्हें संरक्षित पशु का ही बताया। विस्तृत जांच के लिए अवशेष का नमूना सीलकर ले गए।
बाकी अवशेषों को पुलिस ने गड्ढा खोदवाकर दफन करवा दिया। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा नीरज मलिक ने बताया कि एसआई मोदी सिंह की ओर से गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। गोरक्षा और बजरंग दल के रजत जायसवाल, अक्षय शुक्ला, राजन गुप्ता, अमित यादव आदि कार्यकर्ताओं ने तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संवाद