बरेली। कथा व्यास योगेश ब्रजवासी ने कहा कि घर में तुलसी का पौधा लगाने से सुख-शांति बनी रहती है। एकादशी के दिन चावल नहीं खाने चाहिए। सनातन धर्म मंदिर के वार्षिकोत्सव में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन योगेश ब्रजवासी ने कहा कि एकादशी के दिन वही चावल खा सकता है, जिसने जगन्नाथपुरी के दर्शन करके प्रसाद ग्रहण कर लिया हो। इस मौके पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत उठाने की कथा का वर्णन किया। अंत में उन्होंने मधु मंगल की कथा सुनाई। कहा, मधु मंगल एक गरीब ब्राह्मण था, लेकिन वह सोचता था कि किसी दिन प्रभु उसके घर आएं तो उन्हें खीर खिलाएगा। उसके मन की बात जानकर भगवान मधुमंगल के घर पहुंचे। मधुमंगल के घर में उस दिन कुछ नहीं था। दस दिन की बासी कढ़ी रखी हुई थी, उसने भगवान को वही अर्पित कर दी, लेकिन वह बासी कढ़ी खीर बन गई। बृहस्पतिवार व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने आरती की। इस अवसर पर हरीश सेठी, प्रेम धवन, मीरा सेठी, भावना सपड़ा, यश डुसेजा आदि उपस्थित थे।