बरेली। फर्जी डिग्री बांटने के आरोपी शेर अली जाफरी के एचए खुसरो अस्पताल का पंजीकरण बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने निरस्त कर दिया। ये कार्रवाई डॉ. अतुल को भेजे गए नोटिस का जवाब मिलने पर की गई।
बीते सप्ताह पुलिस ने एचए खुसरो अस्पताल के दस्तावेज और मानकों की जांच के लिए पत्र भेजा था। इस पर डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। मानक दरकिनार मिलने पर अस्पताल को सील करके संचालक को नोटिस जारी किया गया। नोटिस की समय सीमा पूरी होने के बाद भी जवाब नहीं आया। इधर, विभाग की ओर से पैनल में दर्ज डॉक्टरों समेत अस्पताल के पंजीकरण की जांच की गई। पंजीकरण डॉ. अतुल सक्सेना के नाम पर मिला। उन्हें नोटिस दिया गया।
बृहस्पतिवार को डॉ. अतुल का जवाब आया कि दो वर्ष पूर्व वह एचए खुसरो अस्पताल में सक्रिय थे। अब उनका अस्पताल से कोई संबंध नहीं। उन्होंने उनके दस्तावेजों पर हुए पंजीकरण को समाप्त करने का अनुरोध किया। लिहाजा, स्वास्थ्य विभाग ने देर शाम पंजीकरण को निरस्त कर दिया।