बरेली। सेटेलाइट चौराहे पर मुख्य आरक्षी पीतम सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह रुपये लेते दिख रहे हैं। एसपी यातायात ने उसके खिलाफ रिपोर्ट भेज दी है, प्रारंभिक जांच के बाद उसे निलंबित किया जा सकता है।
बुधवार सुबह सेटेलाइट चौराहे पर तैनात मुख्य आरक्षी पीतम सिंह वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वाहन चालकों से वसूली कर ली गई। एक बाइक पर सवार दो लोगों को पीतम सिंह ने रोका और तमाम कमियां गिना डालीं। कहा कि 15 हजार रुपये का चालान किया जाएगा। इससे बाइक सवार लोग डर गए। फिर पीतम सिंह ने पांच सौ रुपये की उगाही कर ली। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी यातायात अकमल खान ने वीडियो के आधार पर जानकारी के बाद मुख्य आरक्षी की रिपोर्ट एसएसपी अनुराग आर्य को भेज दी। एसएसपी ने प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं। एसपी यातायात ने बताया कि चालान काटकर नकद रुपये लेने की व्यवस्था ई चालान लागू होने के बाद पूरी तरह बंद हो चुकी है। इस बारे में स्टाफ को साफतौर पर निर्देश दिए जा चुके हैं। फिर भी इस तरह की हरकत हो रही है तो दोषियों पर कार्रवाई होगी। अमर उजाला ब्यूरो