नवाबगंज (बरेली)। थाना क्षेत्र में एक युवक ने दूसरे समुदाय की किशोरी को फुसलाकर दोस्ती गांठ ली। उसे वीडियो कॉल पर लेकर अश्लील गतिविधियों की स्क्रीन रिकार्डिंग कर वीडियो वायरल कर दिया। किशोरी का धर्म परिवर्तन कराने और दुष्कर्म करने की कोशिश की। किशोरी के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ सेंथल कस्बा निवासी दूसरे समुदाय के युवक ने दोस्ती गांठ ली थी। वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान अश्लील हरकतों की स्क्रीन रिकार्डिंग कर उसे वायरल कर दिया। आरोपी ने किशोरी को धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का झांसा देकर उसके अश्लील फोटो खींच लिए। बाद में आरोपी ने बहाने से किशोरी को नगर के एक मकान में बुलाया और उससे दुष्कर्म की कोशिश की।
किशोरी के विरोध करने पर आरोपी उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही किशोरी के पिता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। इधर, हिंदूवादी संगठन से जुड़े एक युवक ने एक्स पर अफसरों को शिकायत भेजकर आरोपी मीशम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में देर रात रिपोर्ट लिख ली गई।
तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोर्ट में किशोरी के बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसी बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - हर्ष मोदी, सीओ नवाबगंज