भोजीपुरा। बुजुर्ग कढ़ेराम की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अस्पष्ट होने से कार्रवाई को लेकर पेंच फंस गया है। बेटे ने दहशत में हार्टअटैक से मौत की बात कही है जिसकी जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकती है।
भोजीपुरा इलाके के पट्टी बिहारीपुर निवासी राजकुमार व सूरजपाल इसी गांव के संतराम आदि भोजीपुरा की बाजार में फड़ लगाकर मसाले बेचते हैं। शुक्रवार शाम ग्राहकों की खींचतान को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ था। दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल कराया और राजकुमार की ओर से संतराम, परमेश्वरी व विक्की पर मारपीट की एनसीआर दर्ज कर ली थी। इसी दौरान राजकुमार के पिता कढ़ेराम की मौत हो गई।
राजकुमार व उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि कढ़ेराम को आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटकर गला दबा दिया। पोस्टमॉर्टम में मृतक के गले पर चोट का निशान पाया गया। हालांकि गला दबाने की पुष्टि नहीं हुई। प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि शव का विसरा सुरक्षित किया गया है। आरोपी संतराम व उसके पुत्र विक्की को हिरासत में ले लिया है।