सिरौली/रामनगर। घरेलू कलह से तंग आकर एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक गांव जगन्नाथपुर में अनिल की 26 वर्षीय पत्नी ज्योति ने घरेलू कलह की वजह से बुधवार की रात कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। ज्योति की शादी तीन साल पूर्व गांव जगन्नाथपुर के अनिल से हुई थी। इस बीच उनके दो लड़कियां भी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शादी के बाद दोनों में विवाद होता रहता था, जो मात्र तीन साल में इस हद तक पहुंच गया कि ज्योति ने आत्मघाती कदम उठा लिया। बृहस्पतिवार की सुबह ज्योति के कमरे से नहीं निकलने पर परिजनों ने आवाज दी, लेकिन कोई आहट न होने पर सभी परिजन सकते में आ गए। कमरे की किवाड़ तोड़ी, तब यह सब देख पुलिस को सूचना दी। कोतवाल प्रयागराज सिंह ने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नही दी है शिकायत के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।