बरेली। श्री राम लीला समिति बनखंडी नात मंदिर की ओर से जोगी नवादा में लगने वाले दशहरा मेले में पेंच आ गया है। इसके विरोध में रामलीला समिति के लोग जोगी नवादा में धरने पर बैठ गए। आसपास की दुकानें भी बंद हो गई हैं और क्षेत्रीय लोग भी इसमें शामिल हुए।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि मेला सैकड़ों साल पुराना है। इस बार यह मेला 26 सितंबर से शुरू होना है। मेले की जगह पर नगर निगम ने चाहरदीवारी कराकर पौधे लगा दिए हैं। अब नगर निगम यहां पर मेला लगाने की अनुमति नहीं दे रहा है। इसी कारण वह लोग धरने पर बैठ गए हैं और जब तक उन्हें मेले की अनुमति नहीं मिलती वह अनिश्चितकालीन धरने पर रहेंगे। समिति के संरक्षक हरि ओम राठौर ने बताया कि समिति की ओर से इस मुद्दे पर नगर से अनुमति मांगी गई थी। वहीं इस मामले में मुख्य मंत्री को भी पत्र समिति की ओर से भेजा गया है। धरने पर बैठने वालों में संरक्षक सुरेश चंद्र राठौर, हरिओम राठौर, मंदिर के पुजारी पंडित सुनील दत्त शर्मा, पार्षद डॉ. बनवारी लाल शर्मा, अभिषेक गुप्ता बंटी, संजीव शर्मा, विशाल राठौर, शिवलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं।