बरेली। सौ फुटा रोड स्थित राजीव एन्क्लेव की सड़कों पर पिछले दो माह से बारिश का पानी भरा हुआ है। इसको लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
राजीव एन्क्लेव निवासी आयुष सक्सेना ने बताया कि उनकी पूरी कॉलोनी में ही पिछले दो माह से बारिश का पानी भरा हुआ है। इस वजह से वहां से निकलना भी दूभर हो गया है। इस मामले में उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को बारिश का पानी निकालने के लिए कई बार लिखा, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने महापौर उमेश गौतम से अपील करते हुए कहा है कि वह कॉलोनी की समस्या का समाधान जल्द से जल्द करें, अन्यथा कॉलोनी में कई परिवार बीमारी की चपेट में आ जाएंगे। महापौर उमेश गौतम ने बताया कि मामले को दिखवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा, जनता हमारे लिए पहले हैं। देखा जाएगा कि कहां पर शिकायत की गई थी और कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इस पर भी कार्रवाई की जाएगी। संवाद