बरेली। जंक्शन के टीटीई और आंवला के गुड्स क्लर्क की बर्खास्तगी के बाद जंक्शन पर हड़कंप मचा हुआ है। जंक्शन के नए सीआईटी भावेश शर्मा ने सभी टीटीई को निर्देश दिए हैं कि किसी भी दशा में यात्रियों से रुपये लेकर बर्थ या सीट न दी जाए। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद डिवीजन की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चला रखी है। गौरतलब है कि 30 अगस्त को सीनियर डीसीएम ने भ्रष्टाचार के आरोप में टीटीई सुनील पाल और गुड्स क्लर्क मोहम्मद इमरान को बर्खास्त कर दिया था। इमरान पर आरोप है कि उन्होंने प्रमोशन दिलाने के नाम पर दो कर्मचारियों से एक लाख रुपये लिए थे, जबकि हापुड़ स्टेशन पर आला हजरत एक्सप्रेस में टीटीई सुनील पाल के पास करीब दस हजार रुपये अतिरिक्त कैश मिला था, जिसका वह सटीक जवाब नहीं दे सके थे।