बरेली। रोजा के पास ऐगवां में लूप लाइन के काम के चलते ट्रेनों को निरस्त किए जाने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को अप-डाउन नौ ट्रेनों को निरस्त किए जाने के बाद शनिवार को भी अप-डाउन की सात ट्रेनों को चार जुलाई तक निरस्त कर दिया गया। दो ट्रेनों को रविवार से निरस्त किया जाएगा। बाकी ट्रेनों की लेट-लतीफी भी यात्रियों को परेशान कर रही है।
ट्रेनों के निरस्तीकरण के बीच शनिवार को 12035 पूर्णागिरि जनशताब्दी 1:10 घंटे, 14603 जनसाधारण एक्सप्रेस 3:45 घंटे, 12231 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 2:10 घंटे, 20504 राजधानी एक्सप्रेस 1:10 घंटे, 14511 नौचंदी एक्सप्रेस 4:15 घंटे, 14206 दिल्ली-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस 1:30 घंटे, देहरादून-बनारस एक्सप्रेस ने 1:20 घंटे इंतजार कराया। 12583/12584 आनंद विहार-लखनऊ एक्सप्रेस को भी सोमवार से निरस्त कर दिया जाएगा।
दिल्ली, लखनऊ रूट पर रोडवेज बसों में ऑनलाइन बुकिंग बढ़ी
ट्रेनों को निरस्त किए जाने के बाद दिल्ली और लखनऊ रूट पर संचालित होने वाली रोडवेज की जनरथ और शताब्दी बसों में ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग बढ़ गई है। सामान्य दिनों में प्रतिदिन प्रति बस में 25 से 30 यात्री ही ऑनलाइन टिकट बुक कराते हैं। शनिवार को यह संख्या 50 तक पहुंच गई है।