संवाद न्यूज एजेंसी आंवला । रहटुईया गांव के जिस घर में 65 वर्षीय द्रोपदी देवी की जिंदा जलकर माैत हुई है। उस घर में ज्वलनशील पदार्थ होने की भी लोगों ने आशंका जताई है। अग्निकांड में वृद्धा की मौत को अधिकारी शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा मान रहे हैं। हालांकि घटना को लेकर कई तरह की चर्चा और सवाल लोगों की जुबान पर हैं। लोगों का कहना है कि आग लगने के दौरान घर से डीजल जैसी तेज महक आ रही थी। इससे लोगों ने कयास लगाया कि नीचे के जिस हिस्से में वृद्धा रहती थीं, वहां ज्वलनशील पदार्थ मौजूद था। वृद्धा का शव अंदर आंगन में मिला। लोगों को परिवार द्वारा मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात पर संदेह है। उनका तर्क है कि मीटर घर के बाहर दीवार पर लगा था, जिससे शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से इतनी भीषण आग लगने की आशंका काफी कम है। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं पर जांच कराई जा रही है।