बरेली में लंबे समय से बंद कुतुबखाना चौराहे पर होली से पहले वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। महादेव पुल के निर्माण के चलते पिछले दो साल से यह चौराहा बंद है। इसे एप्रोच रोड डालकर जोड़ा जाना था। अब इसका सारा काम हो चुका है। महज मुख्य चौराहे की एप्रोच रोड बननी है। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि जल्द इसे शुरू कर दिया जाएगा।
शहर के बीचोंबीच स्थित कुतुबखाना शहर का मुख्य चौराहा है। पूरे शहर के लोग खरीदारी करने यहां की बाजार में आते हैं। यही कारण है कि यहां दिन में हर समय भीड़ रहती है। 13 मार्च को महादेव पुल का उद्घाटन कर उस पर वाहनों का आवागमन तो शुरू कर दिया गया, लेकिन इसकी एप्रोच रोड नहीं जुड़ सकी। इस कारण कुतुबखाने व कोहाड़ापीर के बाजार की सड़क भी नहीं जुड़ सकी। सेतु निगम के अधिकारियों ने कोतवाली से कुतुबखाना व कोहाड़ापीर से कुतुबखाना तक की एप्रोच रोड तैयार कर ली है।
होली से पहले जोड़ दी जाएगी सड़क
अधिकारियों का कहना है कि यहां एप्रोच रोड की खोदाई करते समय पानी लाइन क्षतिग्रस्त हो रही थी। नगर निगम ने पानी की लाइन नीचे की, इसके बाद एप्रोच रोड डाली गई। इस कारण यहां काम में कुछ देरी हुई है। अब काम लगभग पूरा हो चुका है। कुतुबखाने से कोहाड़ापीर की सड़क को जोड़ना बाकी है। होली से पहले कुतुबखाना-कोहाड़ापीर सड़क को जोड़ दिया जाएगा। इससे महादेव पुल पर भी वाहनों का दबाव कम होगा।
सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर एमके सिंह ने बताया कि एप्राेच रोड का काम पूरा हो चुका है। एक-दो दिन में कुतुबखाने-कोहाड़ापीर की सड़क को जोड़ दिया जाएगा। होली से पहले इस मार्ग को खोल दिया जाएगा। लोग एप्रोच रोड से कुतुबखाना से कोहाड़ापीर तक जा सकेंगे।