बरेली। कार बेचने का झांसा देकर पंजाब के युवक को बरेली बुलाया और लाखों रुपये का चूना लगा दिया। युवक ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पंजाब के जिला मोगा थाना साफूवाला निवासी सुरजीत सिंह ने थार गाड़ी खरीदने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी। पोस्ट देखकर एक महिला ने खुद को राजवीर कौर बताते हुए उन्हें कॉल की और खुद को कार शोरूम का कर्मचारी बताया। राजवीर कौर ने 15 दिन के अंदर कार देने का झांसा दिया और अपना सीनियर बताकर मनप्रीत से बात कराई। मनप्रीत के कहने पर सुरजीत ने 4.50 लाख रुपये अकाउंट में डलवा दिए। इसके बाद सुरजीत को विशारतगंज क्षेत्र में बुलाकर 6.50 लाख रुपये ले लिए। सुरजीत पंजाब लौट गए तो ठगों ने 3.50 लाख रुपये ऑनलाइन ले लिए। डिलीवरी की तारीख निकलने पर सुरजीत ने रुपये वापस मांगे तो उसे छेड़खानी और दुष्कर्म के आरोप में जेल भिजवाने की धमकी दी। सुरजीत की शिकायत पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।