भोजीपुरा (बरेली)। बदहाल धौराटांडा-आटामांडा मार्ग पर आए दिन हादसों के बावजूद उसका निर्माण न कराए जाने से नाराज सैकड़ों लोगों ने नैनीताल हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस की काफी कोशिश के बावजूद भीड़ सवा दो घंटे तक हाईवे पर जमी रही। जिला मुख्यालय से पहुंचे नायब तहसीलदार ने जल्द सड़क बनवाने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। इस बीच हाईवे पर किलोमीटरों तक वाहनों की कतार लगी रही।
धौराटांडा को नैनीताल हाईवे से जोड़ने वाला पांच किमी लंबा धौराटांडा-आटामांडा मार्ग करीब 20 साल से खराब हालत में है। बेहिसाब गड्ढों की वजह से इस पर आए दिन हादसे होते हैं। धौराटांडा के लोगों का कहना है कि नीचे से ऊपर तक तमाम फरियादों के बावजूद जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने कभी इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। नाराज लोगों ने शुक्रवार को करीब ढाई बजे नारेबाजी करते हुए नैनीताल हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर हाईवे से हटाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने और अफसरों को बुलाने की मांग पर अड़ गए। करीब साढ़े चार बजे पहुंचे नायब तहसीलदार विदित कुमार ने उनका ज्ञापन लिया। फिर सड़क का भी निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार ने समस्या को गंभीर माना और उसे अफसरों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खत्म हुआ।