आंवला। पीएम श्री योजना का लाभ दूसरे गांव के विद्यालय में स्थानांतरित कराने के प्रयास से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार सुबह विकास खंड रामनगर के तिगराखानपुर गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी नैना पाल के नेतृत्व में सरकारी स्कूल के बाहर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप था कि उनके गांव के लिए पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय उच्चीकरण के लिए धनराशि आवंटित हो चुकी है, लेकिन अपने करीबी एक पार्टी पदाधिकारी का गांव में निजी स्कूल होने के चलते क्षेत्र के प्रभावशाली नेता व जनप्रतिनिधि द्वारा इस योजना को दूसरे गांव में स्थानांतरित कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी से नाराज नैना पाल ने पद से इस्तीफा देने की बात बताते हुए कहा कि पहले भी एक जनकल्याणकारी योजना को इसी प्रकार दूसरे गांव में ले जाया गया था। प्रदर्शन करने वालों में ओमेंद्र, मुनेंद्र, पप्पू, सुमित, मूलचंद्र, सतीश, गजेंद्र, अमित, सुमित आदि मौजूद रहे। संवाद