बरेली। सीबीगंज में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने का प्रस्ताव विश्वकर्मा पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग न होने की वजह से अटक गया। इससे 50,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं। उनका कहना है कि लंबे समय तक मांग करने और पैरवी के बाद कार्ययोजना में आरओबी का प्रस्ताव शामिल हुआ था लेकिन लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं की लापरवाही से प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका है। जनप्रतिनिधियों के परामर्श के बाद जिलाधिकारी की ओर से तैयार 2025-26 की कार्ययोजना मंडलायुक्त ने 28 जून को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को भेजी थी। कार्ययोजना की लिखित प्रतिलिपि में सीबीगंज-चंदपुर जोगियान स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-364 सी पर टू लेन आरओबी प्रस्तावित है। इस आरओबी को विश्वकर्मा पोर्टल पर ऑनलाइन फीड किया जाना था जो नहीं किया गया। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार का कहना है कि फीडिंग शेष है, उसे अब भी कराया जा सकता है लेकिन अधिशासी अभियंता को कारण के साथ प्रस्ताव बनाना होगा। डीएम के कहने पर पोर्टल का लॉक खुलेगा। कार्ययोजना में जरूरी संशोधन हो सकेगा। आरओबी का मामला सेतु निगम से जुड़ा है। ब्यूरो