बरेली। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में लगातार ट्रिपिंग से फैक्ट्रियों में उत्पादन ठप होने की कगार पर है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन और विद्युत निगम के अधिकारियों से व्यवस्था सुधार मांग की है। अध्यक्ष अजय शुक्ला के मुताबिक, 24 घंटे में रोजाना 10-15 बार ट्रिपिंग हो रही है। जनरेटर चलाना भी महंगा साबित हो रहा है। डेडिकेटेड फीडर से 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा था, लेकिन इससे ग्रामीण क्षेत्रों को भी जोड़ दिया है। बाहरी कनेक्शन हटाने के अनुरोध पर भी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग लाइनमैन की तैनाती और शटडाउन की पूर्व सूचना देने की मांग की है। कहा कि डीएम के आदेश के बावजूद फीडर से आटा चक्की और तेल मिल का कनेक्शन नहीं हटा है। ग्रामीण कटिया से बिजली चोरी कर रहे हैं। मांगें पूरी न हुईं तो फैक्टरियां बंद कर आंदोलन करेंगे।