श्रीकृष्ण-बलराम के स्वरूपों की जगह-जगह हुई आरती
बरेली। प्रेमनगर स्थित श्री कृष्ण लीला स्थल पर चल रहे लीला मंचन के बाद मंगलवार को राजगद्दी शोभायात्रा निकाली गई। जगह-जगह पुष्पवर्षा से शोभायात्रा का स्वागत हुआ। इस दौरान झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
श्री कृष्ण लीला कमेटी की ओर से निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ नवाबगंज विधायक एमपी आर्या ने किया। इस दौरान विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड-बाजे, ढोल-तासे के साथ लोग भजनों पर थिरकते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में श्रीकृष्ण और बलराम के साथ शिव-पार्वती, विष्णु भगवान, श्रीराम, गणपति व हनुमान जी की झांकियां शामिल रहीं।
रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वरूपों की आरती उतारी। राजगद्दी मार्ग में जगह-जगह सजावट की गई थी। इस हर्षोल्लास के वातावरण में हर वर्ग के भक्तों ने भगवान का उत्साह के साथ स्वागत किया। शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से होती हुई आलमगिरी गंज स्थित घी मंडी पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में अज्जी महाराज, सर्वेश, शोभित गोयल, उमंग, संजय, अरुण सक्सेना, नमन सक्सेना, पुनीत, धीरज, देवेंद्र, दुर्गा, कीर्ति, विशाल, संदीप, शुभम आदि मौजूद रहे। संवाद