आंवला। डिपो गेट पर प्रदर्शन करते चालक व परिचालक-संवाद
बरेली के साथ पीलीभीत, मुरादाबाद व उत्तराखंड के सितारगंज की आपूर्ति होगी प्रभावित
आंवला। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम बल्क तेल डिपो गेट पर मंगलवाल दोपहर पेट्रोलियम टैंकर चालक एवं परिचालक यूनियन के तत्वावधान में दर्जनों टैंकर चालक व परिचालकों ने हड़ताल की। डिपो प्रबंधन के खिलाफ यूनियन सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। इससे इस डिपो से जाने वाले टैंकरों से बरेली, पीलीभीत, मुरादाबाद व उत्तराखंड के सितारगंज की आपूर्ति प्रभावित होगी।
संगठन पदाधिकारियों का कहना था कि आंवला व सितारगंज डिपो प्रबंधक पिछले काफी समय से चालकों व परिचालकों का शोषण कर रहे हैं। डिपो से दूसरे जिलों में आपूर्ति ले जाने पर जो तापमान का अंतर आता है। उस कारण चालक के वेतन में कटौती की जाती है और उन पर आरोप भी लगते हैं। इस मामले में कई बार अधिकारियों को अवगत भी कराया है, लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसलिए वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
प्रदर्शन करने वालों में गुरनेक सिंह, गजेंद्र सिंह, बाबू राम, आर्यंद्र शर्मा, सौरभ यादव, कुलदीप सिंह, चरन सिंह, हरिओम, पवन शर्मा आदि मौजूद रहे। इस मामले में डिपो मैनेजर से फोन बात की गई तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। संवाद