सिरौली के मोहल्ला प्यास का है मामला, चार माह पूर्व हुई थी शादी, गले पर मिले निशान
सिरौली। संदिग्ध परिस्थितियों में एक गर्भवती नवविवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरेली थाना सिविल लाइन के किशोर बाजार, गिहार बस्ती ख्यालीराम ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी तुलसी की शादी 28 मई को सिरौली के मोहल्ला प्यास निवासी गौरव के साथ की थी। उसके बाद से ही ससुराली जन दहेज के लिए महिला को परेशान करने लगे। उस वक्त पीड़िता दो माह की गर्भवती थी। काफी समझाने के बाद भी ससुरालीजन नहीं माने। बुधवार की रात परिजनों को सूचना मिली कि तुलसी की तबीयत खराब है। इस बाद परिजन देर रात पहुंचे तो तुलसी का शव पड़ा हुआ था। उसके गले पर खरोंच थे। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि ससुरालियों ने तुलसी की गला दबाकर हत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की है। मायका पक्ष के लोगों की तहरीर पर पुलिस ने पति सौरभ, ससुर गुड्डा, सास रामा देवी, ननद पायल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद
मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसकी विवेचना उपनिरीक्षक विवेक कुमार कर रहे हैं।
- रवि कुमार, कोतवाल