शहर के दुधिया नाथ मंदिर मार्ग पर बिजलीसही करते कर्मी । स्रोत - बिजली विभाग
पीलीभीत। ट्रांसफार्मर फुंकने से रामलीला फीडर से जुड़े एसएसबी हेड क्वार्टर समेत कई मोहल्लों की 25 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रही। तीन हजार से ज्यादा की आबादी को बिजली संकट झेलना पड़ा। अवर अभियंता ने लोगों की फोन कॉल तक उठानी बंद कर दी। इससे लोगों में रोष है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि फॉल्ट को सही करने में कर्मचारी ध्यान नहीं देते हैं। इसके चलते यहां आए दिन बिजली व्यवस्था बाधित रहती है। बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे दूधिया मंदिर रोड पर लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया। लोगों ने मामले की जानकारी जेई मनोज को दी। इसके बाद पहले तो कई घंटे तक ध्यान नहीं दिया गया। करीब साढ़े दस बजे मोबाइल ट्रांसफार्मर को भेजा गया, लेकिन वह भी खराब था।
इससे वहां मौजूद जनता आक्रोशित हो गई कि खराब ट्रांसफार्मर को भेजकर उनके साथ अधिकारी मजाक कर रहे हैं। बिजली निगम के कर्मचारी काफी देर तक मशक्कत करते रहे, लेकिन बिजली को चालू नहीं कर सके। 25 घंटे बीत जाने के बाद भी लोगों को बिजली नहीं मिल सकी।
वर्जन:
ट्रांसफार्मर खराब होने पर मोबाइल ट्रांसफार्मर को भेजा गया था, लोड अधिक होने की वजह से वह नहीं चल सका। जेई की लापरवाही पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - पंकज भारती, अधिशासी अभियंता