देवरनियां। इसी मार्ग से निकलेगी कावड़
देवरनियां। पवित्र सावन माह में भोले बाबा का जलाभिषेक करने जाने वाले भक्तों को रास्ते के गड्ढे जख्म देंगे। कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू होनी है। इसके बाद भी अब तक कांवड़ यात्रा मार्गों को दुरुस्त नहीं किया गया है। क्षेत्र के कई ऐसे मार्ग हैं जहां से कांवड़िये गुजरते हैं। इनमें से ज्यादातर बदहाल हैं। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार बेपरवाह बने हुए हैं।
देवरनियां से मुंडिया जागीर तक दो किलोमीटर लंबी सड़क का हाल सबसे बुरा है। जरा सी बारिश में ही जलभराव के चलते सड़क तालाब बन जाती है। इस रोड अभयपुर, टाह, कासमपुर, मुंडिया जागीर, महमूदपुर, सिंतरा के कांवड़िये गुजरते हैं। कांवड़ यात्रा वाले मार्गों को दुरुस्त करने के लिए शासन के निर्देश के बावजूद कोई इस सड़क की ओर ध्यान नहीं दे रहा। यह रोड नगर पंचायत देवरनियां की सीमा में आता है।
नगर पंचायत की ओर से भी सड़क को ठीक कराने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे। नगर पंचायत चेयरमैन मो. कलीम अंसारी ने चुनाव जीतने के बाद इसे प्राथमिकता के आधार पर सही कराने का वादा किया था। अब तक सड़क का हाल नहीं सुधरा है। इस बारे में जब चेयरमैन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद काम शुरू करा दिया जाएगा।