... और गहरे हुए सड़कों के गड्ढे
निर्माणाधीन बदायूं रोड पर कई स्थानों पर मिट्टी बह गई। पीलीभीत रोड के गड्ढे और गहरे हो गए हैं। शहर में कई जगह गड्ढों में पानी भरने से इनमें गिरकर लोग चोटिल भी हुए। संजयनगर, सुभानगर, मढ़ीनाथ, अलखनाथ रोड, किला रोड, चौधरी तालाब रोड, किला छावनी समेत कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ से लोगों को परेशानी हुई।
बरेली कॉलेज के पास सड़क धंसी
बरेली कॉलेज के पास सड़क धंस गई। कॉलेज के गेट के सामने सड़क में चार फुट गहरा गड्ढा हो गया। नगर निगम ने यहां बैरिकेडिंग लगा दी। आसपास जलभराव होने से अभी सड़क की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है। कॉलेज के पीछे बस्ती में भी जलभराव हो गया। सड़कों पर कीचड़ फैलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिला अस्पताल में भरा पानी
मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव से जिला और महिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाएं भी प्रभावित रहीं। रविवार को ओपीडी बंद रही पर इमरजेंसी में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को परेशानी हुई।
बारिश की वजह से जिला अस्पताल के प्रशासनिक भवन, पैथोलॉजी, मनकक्ष, दवा काउंटर, सीएमओ कार्यालय परिसर के कुछ हिस्से, बच्चा वार्ड की ओर एक फुट तक पानी भर गया। मरीजों को इमरजेंसी तक ले जाने के लिए तीमारदारों को रिक्शे की व्यवस्था करनी पड़ी। कुछ लोगों ने जलभराव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
धूप से बढ़ेंगी बीमारियां
भारी बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव हो गया है। अगर जलनिकासी न हुई तो मच्छरों के लार्वा पनपने से मच्छरजनित रोगों के बढ़ने की आशंका है। बारिश के चलते नमी सौ फीसदी पहुंच रही है। आगे तेज धूप होने से उमस बढ़ेगी। इससे त्वचा रोग और वायरल बीमारियों के चपेट में आने की आशंका है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रवीश अग्रवाल ने बारिश के दौरान साफ सफाई का ध्यान रखने, भीगने से बचने, कपड़े, चादर, तकिया आदि को धूप दिखाने, बासी भोजन, कटे फलों के सेवन से बचने, बगैर परामर्श दवा न खाने को कहा है।