बरेली। आईएमसी ने जुमे की नमाज के बाद शहर में शांतिपूर्ण ढंग से मार्च कर गिरफ्तारी देने का एलान किया है। आईएमसी मुखिया मौलाना तौकीर रजा खां ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली में भीम आर्मी प्रमुख चंद्र शेखर राणा से उनकी मुलाकात हुई थी। शुक्रवार को बरेली में उनके प्रदर्शन में उनकी जिला इकाई भी आईएमसी के साथ होगी। उन्होंने लोगों से से अपील की है कि अगर पुलिस-प्रशासन कहीं रोके तो खामोशी से वहीं धरने पर बैठ जाएं। उनका विरोध शासन की नीतियों और नागरिकता कानून पर है। अमन कायम रखना सब की जिम्मेदारी है। तौकीर रजा ने कहा कि मार्च नौमहला मस्जिद से दो बजे निकाला जाएगा। कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य न्यायाधीश को संबोधित ज्ञापन देकर गिरफ्तारी दी जाएगी। पुराने शहर के लोगों का नेतृत्व तहसीने मिल्लत सुहैब रजा खां और शहर के लोगों का नेतृत्व शहर इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम करेंगे।