बरेली। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर जिला व महानगर कांग्रेस किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को धरना-प्रदर्शन करेगी। जिला मुख्यालय पर अपरान्ह 1:30 बजे विरोध प्रदर्शन शुरू होगा। जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा। इसी तरह महानगर कांग्रेस की ओर से चौकी चौराहा स्थित सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में दोपहर 12 बजे से धरना दिया जाएगा। महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां ने बताया कि धरने के बाद सभी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करेंगे।