बरेली। नवाबगंज की चेयरमैन शहला ताहिर के मामले की जांच करने से पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने हाथ खड़े कर दिए हैं। एक्सईएन ने इसका कारण शाहजहांपुर और बरेली दोनों जिलों का चार्ज होने की वजह से अपनी व्यस्तता को बताया था। एक्सईएन की इस चिट्ठी के बाद एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने जांच अधिकारी को बदल दिया है। बता दें कि चेयरमैन शहला ताहिर के खिलाफ नगर पालिका के 14 सभासदों ने कमिश्नर रणवीर प्रसाद से उनके फर्जी दस्तखत कराकर गुपचुप तरीके से लाखों के प्रस्ताव पास करा लेने की शिकायत की थी। इसकी जांच पीडब्ल्यूडी पीएमजीएसवाई के एक्सईएन नरेश चंद्रा को दी गई थी। उनके मना कर देने के बाद अब जांच पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन हरबंश सिंह को सौंपी गई है।