बरेली। कहते हैं कि सियासत में जब किसी एक नेता का सूरज अस्त होता है तो किसी और नेता का सूरज उदय होता है। हाल ही में जिले के दो विधायकों का योगी सरकार की कैबिनेट से पत्ता कटने के बाद आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पास फरियादियों की भीड़ बढ़ गई है। यह दावा सांसद के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में किया गया है। दरअसल सांसद धर्मेंद्र कश्यप हाल ही में लंबा इलाज कराकर दिल्ली से लौटे हैं। डॉक्टरों ने अभी भी उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इस बीच रविवार को उनके मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में दावा किया कि जिले के दो मंत्रियों के इस्तीफे के बाद सांसद के दरबार में फरियादियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। तमाम लोग उनका हालचाल पूछने भी आ रहे हैं।