बरेली। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर नौ अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर सपाई प्रदेश भर में भाजपा के खिलाफ जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसको लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। जिला और महानगर अध्यक्षों को 25 बिंदुओं पर होने वाले इस प्रदर्शन की तैयारी करने को कहा गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर बेग और योगेश यादव ने बताया कि प्रदर्शन के बिंदुओं में बैलेट पेपर से चुनाव, महिला अपरोध में बढ़ोतरी, बिजली कटौती, डीजल-पेट्रोल महंगाई, बेरोजगारी, गन्ना बकाया भुगतान, ऋणमाफी, सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न, हाईस्कूल-इंटर परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी, कान्हा में बजट की लूट के चलते गायों की मौत, खनन, छात्रसंघ चुनाव, अवस्थापना सुविधाओं की बदहाली समेत 25 मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता प्रकरण और आजम खां पर लगातार हो रहे मुकदमों को लेकर भी विरोध प्रदर्शन होगा। शुभलेश यादव ने बताया प्रदर्शन की तैयारी को लेकर चार अगस्त को 11 बजे सपा कार्यालय पर बैठक करके रणनीति तय की जाएगी।